
बुरहानपुर: जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नेपानगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक हस्तनिर्मित अवैध देशी पिस्टल, धारदार चाकू और एक कार जब्त की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी नेपानगर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ज्ञानु जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार में अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सिल्वर रंग की स्वीफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से एक हस्तनिर्मित अवैध देशी पिस्टल और एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी उर्फ ब्रजेश दावरे (46 वर्ष) निवासी ई-टाइप, नेपानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि बरामद हथियार उसने कहां से प्राप्त किए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी हथियार तस्करी नेटवर्क से संबंध तो नहीं है। नेपानगर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
- nepanagar-police-arrest-man-with-country-made-pistol-and-knife-seize-swift-car









