
नई दिल्ली: कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। भारत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के प्रमुख गुर्गे और वांछित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का एक कथित ऑडियो क्लिप लीक हुआ है। इस लीक ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने दावा किया है कि उसी की टीम ने वर्ष 2023 में कनाडा के सरे स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या करवाई थी।
नशीली दवाओं के कारोबार और मुखबिरी का आरोप
लीक ऑडियो क्लिप में गोल्डी बराड़ को खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत करते सुना जा सकता है। बराड़ ने दावा किया कि निज्जर युवाओं को नशीली दवाओं (ड्रग्स) के धंधे में धकेल रहा था और इसी वजह से उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। लीक ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने कहा- “जो लोग 16-17 साल के युवाओं को उकसाकर उनसे नशीली दवाएं बिकवाते थे और उन्हें मुखबिर बनाते थे, निज्जर ऐसे तत्वों को बढ़ावा दे रहा था ताकि वक्त आने पर उनका इस्तेमाल कर सके।
इसीलिए मेरी टीम को निज्जर को मारना पड़ा। हर इंसान को अपने कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है।” पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या समेत कई गंभीर अपराधों में भारत में वांछित गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई काफी समय तक एक साथ काम करते रहे हैं, हालांकि बीते वर्षों में दोनों के अलग होने की खबरें भी सामने आई थीं।
कनाडाई जांच एजेंसी (RCMP) का रुख: भारत के खिलाफ सबूत नहीं
जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया (सरे) में हुई निज्जर की हत्या के बाद तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत सरकार पर इस हत्याकांड में शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया था, जिससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंध बेहद खराब हो गए थे। हालांकि, कनाडाई संसद चुनावों में लिबरल पार्टी के नए नेता मार्क कार्नी की जीत और ट्रूडो के पद से हटने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार देखा गया। इसके साथ ही रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की डिप्टी कमिश्नर लिसा मोरकैंड ने हाल ही में जारी बयान में स्पष्ट किया था कि इस संगठित अपराध की जांच में भारतीय अधिकारियों की संलिप्तता का कोई भी सबूत नहीं मिला है।
एफबीआई (FBI) ने गोल्डी बराड़ पर घोषित किया इनाम
अमेरिका की केंद्रीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने हाल ही में सतविंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर 50,000 डॉलर (लगभग 41 लाख रुपये) का इनाम घोषित किया है। एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का एक मुख्य हिस्सा है और वह दक्षिणी कैलिफोर्निया, अमेरिका और कनाडा के विभिन्न हिस्सों में हिंसक और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में लिप्त है।
ये भी पढ़े – ईरान में मिला 212 अरब क्यूबिक मीटर का विशाल गैस भंडार, 160 अरब क्यूबिक मीटर से ज्यादा गैस निकालने का दावा
- nijjar-murder-case-goldy-brar-leaked-audio-canada-investigation-india







