
निवाड़ी: पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सियाखास गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां छेड़खानी से परेशान होकर एक नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ब्रांणवाणी को जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले यानी 14 मई को गांव के कुछ युवकों द्वारा लड़की के साथ छेड़खानी की गई थी। इस घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पृथ्वीपुर थाना पुलिस में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उस समय मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और राजीनामा करने के लिए धमकियां दी जा रही थीं। इसी मानसिक प्रताड़ना और डर के कारण नाबालिग ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि छेड़खानी के मामले में पहले ही केस दर्ज कर लिया गया था और अब आत्महत्या के बाद सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पीड़िता के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – निवाड़ी: जमीनी विवाद में मारपीट कर रस्सी से गला घोंटकर हत्या, सिमरा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
- nivari-prithvipur-minor-girl-suicide-harassment-case-police-action-flat-news









