
पिछोर, 3 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछोर पुलिस ने लूट के मामले में करीब छह साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दिनारा स्थित RTO चेकपोस्ट के पास मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
लूट के मामले में जारी था स्थायी वारंट
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष यादव पुत्र राकेश यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खरग, थाना जिगना, जिला दतिया के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 42/17 दर्ज था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धारा 394 भादवि और 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय पिछोर के प्रकरण क्रमांक SCDOCT-02/20 में उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
यह भी पढ़े: आज शाह के साथ मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम, न्याय संहिता प्रदर्शनी से IISER शिलान्यास तक
मुखबिर की सूचना पर RTO चेकपोस्ट के पास दबिश
फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति और एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्थायी वारंटी सुभाष यादव दिनारा RTO चेकपोस्ट के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, चौकी प्रभारी हिम्मतपुर उपनिरीक्षक रामानंद पचौरी, प्रधान आरक्षक 193 अरविंद कुमार मांझी, आरक्षक 130 अंकित सिंह, आरक्षक 466 बलवीर सिंह, चालक आरक्षक 777 मनीष गोस्वामी और सैनिक 280 सिरनाम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- pichhore-robbery-warrant-arrest








