
रतलाम: आलोट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पिपलिया सिसोदिया में पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष जल चौपाल आयोजित की गई। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा और जनसंवाद कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित जल चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर जल स्रोतों की स्थिति की जानकारी ली।
कार्यक्रम में जिला सलाहकार आनंद व्यास, उपयंत्री राहुल आर्य और भूजलविद राजेश निगम मौजूद रहे। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में गांव की पेयजल समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। सरपंच गोपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि गांव में वर्तमान पेयजल योजना के तहत एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई किया जा रहा है, लेकिन गर्मी के कारण जलस्तर नीचे जाने से परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने गांव में नए नलकूप के खनन की आवश्यकता बताई।
अधिकारियों ने गांव का भ्रमण कर संभावित स्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान जिला सलाहकार आनंद व्यास ने ग्रामीणों को वर्षा जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी और कहा कि जल संकट से बचने के लिए वर्षा जल संग्रहण बेहद जरूरी है। साथ ही विभाग की ओर से पेयजल गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया समझाते हुए ग्राम पंचायत को फील्ड टेस्ट किट भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में पंचायत सचिव वीरेंद्र सिंह झाला, नल चालक चरण सिंह सोलंकी, किशोर पाटीदार, मांगू लाल सैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – रतलाम/बाजना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मझोड़िया जंगल से 12.63 लाख की अवैध शराब और बोलेरो वाहन जप्त
- piplia-sisodiya-jal-chaupal-drinking-water-problem-ratlam









