
रतलाम: कलेक्टर मिशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने जिले के स्कूल संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पंद्रो, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, आरटीओ जगदीश बिल्लौरे,
यातायात थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा एवं यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार उपस्थित रहे। बैठक में स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने सभी स्कूल परिसरों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्र सक्रिय रखने, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्कूल बसों के संचालन को लेकर भी परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्देश दिए गए कि सभी बसों में फिटनेस प्रमाणपत्र, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर, प्राथमिक उपचार बॉक्स सहित सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप सभी आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध रहें।
मानसून को देखते हुए अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बारिश के दौरान यदि किसी पुलिया पर पानी बह रहा हो तो किसी भी स्थिति में स्कूल बस का संचालन न किया जाए। प्रशासन ने स्कूल संचालकों से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
- ratlam-school-operators-meeting-student-safety-guidelines-school-bus-rules









