
रीवा/अरविंद तिवारी की रिपोर्ट: कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में रविवार को स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा शहीद परिवार सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान वर्ष 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सहित देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों के वंशजों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार को ज्ञापन भी सौंपा।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारी परिवारों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मेलन में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी में जिन वीरों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके परिवारों का सम्मान और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति की ओर से सरकार को सौंपे गए ज्ञापन में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के लिए पेंशन व्यवस्था, शिक्षा और रोजगार में विशेष सुविधाएं, पहचान पत्र जारी करने, विभिन्न शासकीय समितियों में प्रतिनिधित्व देने तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल थीं। समिति ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारी परिवारों को सम्मान और सुविधाएं देने के लिए अलग से नीति बनाई जानी चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे परिवारों के सम्मान और उनकी भावनाओं का पूरा ध्यान रखेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने रीवा में स्वतंत्रता सेनानी सदन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सदन स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों की गतिविधियों, बैठकों तथा स्मृति कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि रीवा के रतहरा तालाब का विकास स्वतंत्रता संग्राम स्मृति उद्यान के रूप में कराया जाएगा, जहां स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में समिति की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ज्योति सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवार लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। सम्मेलन में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया गया।
ये भी पढ़े – रीवा जिला अस्पताल को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया लोकार्पण
- rewa-shaheed-parivar-samman-swatantrata-senani-sadan-announcement-rajendra-shukla










