
सागर/ मनीष कुमार चौबे: सागर जिले के बण्डा थाना क्षेत्र में शासकीय विद्यालय में घुसकर शिक्षकों और बच्चों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बण्डा भेज दिया गया।
जबरन स्कूल परिसर में घुस आए
पुलिस के अनुसार, घटना 10 जुलाई 2026 की है। ग्राम क्वायला स्थित शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका लक्ष्मी सोनी (61) ने बण्डा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान गांव के नीलेश उर्फ डिल्लू यादव (27) और सोनू दांगी (30) जबरन स्कूल परिसर में घुस आए और हंगामा करने लगे।
विद्यालय में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल
शिकायत के अनुसार, जब शिक्षकों ने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और शिक्षकों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान कक्षा में मौजूद बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
भारतीय न्याय संहिता
मामले की गंभीरता को देखते हुए बण्डा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5), 121(1), 132 एवं 221 के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में उप जेल बण्डा भेज दिया गया।
सख्त कार्रवाई जारी
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आदिल खान, प्रधान आरक्षक भोलानाथ यादव, रमेश, आरक्षक दशरथ एवं प्रहलाद की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मध्यप्रदेश की सभी खबरों को पढ़ने के लिए इस वाट्एसप ग्रुप को ज्वाइन करें https://whatsapp.com/channel/0029VbCGelYICVfu2oIS2G0m
- sagar-banda-government-school-teachers-assault-two-accused-arrested








