
सागर।मनीष कुमार चौबे| ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर की एनसीसी छात्र एवं छात्रा इकाई द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर तिली चौराहा पहुंची और विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
रैली को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर मोना दांगी और अतिरिक्त संचालक कार्यालय की ओएसडी डॉ. भावना यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली से पहले डिप्टी कलेक्टर मोना दांगी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
युवाओं में राष्ट्रप्रेम जगाना अभियान का उद्देश्य
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की अखंडता और सांस्कृतिक एकता का संदेश समाज तक पहुंचाते हैं।
ओएसडी डॉ. भावना यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह यात्रा देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि और कृतज्ञता का प्रतीक है।
एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि रैली का संयोजन तिरंगा यात्रा प्रभारी डॉ. अमर कुमार जैन, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जयनारायण यादव और कीर्ति रैकवार के नेतृत्व में किया गया।
रैली में एनसीसी कैडेट्स, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
यह भी पढ़े: मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर रोक, सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला
- sagar-har-ghar-tiranga-campaign-ncc-students-grand-tiranga-rally








