
सागर: पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान-2026’ के अंतर्गत व्याख्यान, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, रचनात्मक कार्यों एवं समाज निर्माण में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहकर प्रतिभा को समाज निर्माण में लगाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि युवावस्था जीवन में सपनों को साकार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान युवाओं को अपने शरीर, समय और क्षमताओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाते हुए शिक्षा, खेल, कला, रचनात्मक गतिविधियों और समाजसेवा में लगाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि वास्तविक बहादुरी नशा करने में नहीं, बल्कि नशे को दृढ़ता के साथ ‘ना’ कहने में है। युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में होना चाहिए।
नशे के गंभीर शारीरिक और मानसिक दुष्परिणाम बताए
कार्यक्रम का संचालन कर रहीं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रज्ञा दुबे ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके विचारों, पारिवारिक रिश्तों और भविष्य पर भी गंभीर असर डालता है। डॉ. रविंद्र ठाकुर ने नशे के दुष्प्रभावों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाते हुए बताया कि तंबाकू, सिगरेट और गुटखे में मौजूद कैंसरकारी रसायन शरीर की कोशिकाओं के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे कोशिकाओं की अनियंत्रित वृद्धि होने पर कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।
वहीं डॉ. शिखा चौबे ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशे से मिलने वाला क्षणिक आनंद भविष्य में लंबे समय तक परेशानी का कारण बन सकता है। डी.के. नामदेव ने विद्यार्थियों से अपने अनमोल जीवन को सही दिशा देकर लक्ष्य की ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नशामुक्ति के लिए हेल्पलाइन की जानकारी
डॉ. रितु त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की लत से परेशान है और अपनी समस्या परिजनों या परिचितों से साझा नहीं कर पा रहा है, तो वह सरकार द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14446 पर संपर्क कर नशामुक्ति के लिए उचित परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकता है।
भाषण और निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
अभियान के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में राज आर्यन, अभय अहिरवार और विकिता तिवारी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नशामुक्त समाज के विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं निबंध प्रतियोगिता में करण गंधर्व, यशवंत गौड़, शिवांगी प्रजापति, निशा पटेल और दीक्षा पटेल ने भाग लेकर नशे के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर अनुष्का राजे, कनिष्क तिवारी, जीतू चौरसिया सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – सागर पुलिस की ‘सृजन संवाद’ पहल, विद्यार्थियों को कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
- sagar-nasha-mukt-yuva-viksit-bharat-abhiyan-2026-government-college-awareness-program









