
सतना/राहूल बजाज की रिपोर्ट: शहर की मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति और नगर निगम आयुक्त के कथित तानाशाहीपूर्ण रवैये के विरोध में विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने अब संभागीय आयुक्त रीवा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। यह निर्णय चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा की अध्यक्षता में चेम्बर भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
चेम्बर महामंत्री मनोज कटारे ने बताया कि 6 जुलाई को चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर शहर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया था, लेकिन समस्याओं के समाधान के बजाय प्रशासन का रवैया उदासीन बना रहा। इसके विरोध में 14 जुलाई को व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम परिसर पहुंचकर ज्ञापन देने का कार्यक्रम तय किया था।
चेम्बर का आरोप है कि 14 जुलाई को जब व्यापारी नगर निगम परिसर पहुंचे, तब पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए धक्का-मुक्की की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसे चेम्बर ने लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। इसके साथ ही नगर निगम आयुक्त पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने निगम की शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए चेम्बर पदाधिकारियों और व्यापारियों को नोटिस एवं फोन कॉल के माध्यम से प्रताड़ित किया। चेम्बर के अनुसार, पूर्व मंत्री हरिओम गुप्ता और सहयोजित सदस्य विपिन त्रिपाठी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के लिए पत्र भेजना भी इसी बदले की भावना का हिस्सा है।
बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शहर की सफाई, सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले महापौर योगेश ताम्रकार भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि नगर निगम आयुक्त विकास कार्यों में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। चेम्बर ने निर्णय लिया है कि वह संभागीय आयुक्त रीवा को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर नगर निगम आयुक्त के खिलाफ शिकायत करेगा। साथ ही 14 जुलाई की घटना में पुलिस द्वारा बल प्रयोग और वाटर कैनन के उपयोग की निष्पक्ष जांच की मांग भी करेगा। बैठक में अध्यक्ष सतीश सुखेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर वाधवानी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक जैन, महामंत्री मनोज कटारे, सहमंत्री हिमांशु अरोरा, कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के कई सदस्य उपस्थित रहे।
- satna-chamber-delegation-to-meet-rewa-divisional-commissioner-over-civic-issues-and-alleged-harassment








