
सीहोर, 4 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र स्थित सोलर प्लांट में हुई करीब चार लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्लांट परिसर में रखे कंटेनर का ताला तोड़कर कॉपर वायर, केबल, मीटर, प्रिंटर सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और उसके कब्जे तथा घर से चोरी की सामग्री बरामद की गई है।
कंटेनर का ताला तोड़कर चोरी किया था सामान
पुलिस के अनुसार, बुधनी क्षेत्र में जेक्सन कंपनी द्वारा सोलर प्लांट स्थापित करने का काम किया जा रहा है। प्लांट परिसर में कंपनी का एक कंटेनर रखा था, जिसमें निर्माण कार्य से संबंधित सामग्री सुरक्षित रखी गई थी।
1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे कंटेनर को ताला लगाकर बंद किया गया था। अगले दिन 2 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे कर्मचारियों ने साइट का निरीक्षण किया तो कंटेनर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर अंदर रखा सामान गायब पाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चोरी हुए सामान में कॉपर वायर, ग्रीन कॉपर वायर, केबल, मीटर, चेयर, फेंसिंग जाली और प्रिंटर सहित अन्य सामग्री शामिल बताई गई। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े: भोजशाला मामले में 29 अक्टूबर को सुनवाई, दोनों पक्ष तैयार; ASI रिपोर्ट पर होगी आगे की बहस
कन्हैया कीर हिरासत में, घर से बरामद हुआ माल
घटना की सूचना मिलने के बाद बुधनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के संदिग्धों और संभावित आरोपियों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने कन्हैया कीर पिता कैलाश कीर, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम पातालखो, थाना बुधनी को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे और उसके घर की तलाशी ली गई। यहां से चोरी की करीब चार लाख रुपये कीमत की सामग्री बरामद होने का दावा किया गया है।
एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मुताबिक, वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। पुलिस उनकी पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद चोरी की वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका और घटना के पूरे तरीके का खुलासा होने की उम्मीद है।
- sehore-budhni-solar-plant-theft-case








