
शिवपुरी।कुलदीप शर्मा| शहर के कमलागंज स्थित जाटव मोहल्ले में रविवार रात नाबालिग से कथित छेड़छाड़ और शादी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर मारपीट और धमकी का क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग ने घर में घुसकर छेड़छाड़ का लगाया आरोप
17 वर्षीय नाबालिग की शिकायत के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाले शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव उसके घर में घुस आए। आरोप है कि शैलू ने उससे शादी करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उसके साथ छेड़छाड़ की, जिससे उसके कपड़े फट गए।
पीड़िता का आरोप है कि शोर सुनकर उसकी बहन और चचेरी बहन बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने इस शिकायत पर शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने मारपीट का लगाया आरोप
दूसरी ओर, शैलेन्द्र गोरख (जाटव) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते रवि जाटव, बंटी जाटव और कटू जाटव ने उनके साथ गाली-गलौज और लोहे के पाइप, डंडों तथा हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने आए उनके भाई भास्कर उर्फ भोला जाटव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने इस शिकायत पर भी संबंधित आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दोनों मामलों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- shivpuri-minor-molestation-pocso-cross-fir-kamalganj-police-case









