
शिवपुरी।कुलदीप शर्मा | जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम खोड़िया निवासी किसान हरिचरण यादव ने कृषि दवा विक्रेता पर गलत एवं अमानक खरपतवारनाशक दवा बेचने का आरोप लगाया है। किसान का दावा है कि दवा के छिड़काव के बाद उसकी करीब 25 बीघा सोयाबीन की फसल पूरी तरह खराब हो गई, जिससे उसे लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में किसान ने कलेक्टर से शिकायत कर जांच और मुआवजे की मांग की है।
दवा विक्रेता की सलाह पर किया था छिड़काव, किसान का दावा
शिकायत के अनुसार, किसान ने खरपतवार नियंत्रण के लिए रघुवंशी एग्रीटेक मार्केटिंग एलएलपी, रघुपुरम कॉलोनी, फतेहपुर रोड, बिग सिनेमा के पास, शिवपुरी से दवा खरीदी थी। किसान का आरोप है कि विक्रेता की सलाह के अनुसार दवा का छिड़काव किया गया, लेकिन इसके बाद लगभग पूरी सोयाबीन की फसल खराब हो गई।
विक्रेता पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप
किसान का कहना है कि नुकसान की जानकारी देने पर दवा विक्रेता ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। किसान के अनुसार, विक्रेता ने कहा कि यदि दवा में कोई कमी है तो इसकी जिम्मेदारी निर्माता कंपनी की होगी।
जांच और मुआवजे की मांग
पीड़ित किसान ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दवा के नमूनों की जांच करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा करीब 4 लाख रुपये के नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। किसान का कहना है कि फसल खराब होने से उसे आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े: शिवपुरी में दूध, मावा और पनीर की जांच तेज, 7 प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपल
- shivpuri-soybean-crop-damage-farmer-complaint-against-pesticide-seller








