
टीकमगढ़/धर्मेंद सिंह लोधी की रिपोर्ट: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के टीकमगढ़ पहुंचने के बीच जिले के भेलसी गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने टीकमगढ़-खरगापुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर खाली बर्तन रखकर विरोध जताया और जल्द पानी की समस्या का समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। उनका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार मांग किए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
महिलाएं भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। महिलाओं ने खाली बर्तन सड़क पर रखकर पेयजल संकट के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। चक्काजाम के कारण टीकमगढ़-खरगापुर मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने की स्थिति बन गई।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद बल्देवगढ़ और खरगापुर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि गांव में जल्द से जल्द पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए और पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री के जिले में मौजूद रहने के दौरान सामने आए इस विरोध प्रदर्शन से स्थानीय पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।
ये भी पढ़े – महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित होगा कुंडेश्वर लोक, टीकमगढ़ में उद्योग और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा: CM मोहन यादव
- tikamgarh-bhelsi-water-crisis-villagers-road-blockade-empty-pots-cm-mohan-yadav-visit









