
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर नजर आया। बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी से नाराज बड़ी संख्या में लोगों ने 1912 बिजली शिकायत कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल राहत की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिलों में अनियमित और अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। आम उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां सीमित बिल आता था, वहीं अब कई गुना अधिक राशि का बिल भेजा जा रहा है, जिससे परिवारों का मासिक बजट बिगड़ गया है।
ये भी पढ़े – पीएम नरेंद्र मोदी ने हरदोई से किया 594 किमी गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, मेरठ-प्रयागराज सफर अब 6 घंटे में पूरा होगा
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त जानकारी, तकनीकी पारदर्शिता और उपभोक्ताओं की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इससे जनता में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
स्थिति को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों और मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा बिलिंग संबंधी शिकायतों की जांच कराई जाएगी।
ये भी पढ़े – लखनऊ में बादलों का डेरा, तेज हवाओं और झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, जनजीवन प्रभावित
- lucknow-consumers-protest-against-smart-meter-gherao-1912-office-bill-hike-issue









