
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और जोरदार बारिश ने शहरवासियों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में अफरातफरी का माहौल भी बन गया। तेज बादलों और धूल के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को वाहन चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी चेतावनी दी थी।
ये भी पढ़े – इलाहाबाद हाईकोर्ट से अफजाल अंसारी को राहत, चुनाव आचार संहिता उल्लंघन केस में गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक
तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी सूचनाएं सामने आईं। बारिश शुरू होते ही सड़कों पर पानी भर गया और ऑफिस से लौट रहे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगह वाहन चालकों ने सुरक्षित स्थानों पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार किया।
बीते दिनों लखनऊ में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। ऐसे में इस बारिश और आंधी से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
ये भी पढ़े – गाजियाबाद की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, कई फ्लैट जले, सभी निवासी सुरक्षित बाहर निकाले गए
- lucknow-weather-changes-heavy-rain-thunderstorm-darkness-in-daytime








