
सागर: गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत चनौआ में हुए भीषण विस्फोटक ट्रक हादसे ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अरुण चौबे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
ब्रांणवाणी जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले चनौआ के पास विस्फोटक सामग्री से भरे ट्रक में जोरदार धमाका हुआ था। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल अरुण चौबे को इलाज के लिए सागर के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां लगातार इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग पड़रिया क्षेत्र में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़े – कूनो के बाद नौरादेही में भी गूंजेगी चीतों की दहाड़, नामीबियाई चीता ‘गौरव’ बन सकता है नए रिजर्व की शान
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद जांच प्रक्रिया में ढिलाई बरती गई और कुछ रसूखदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। बाद में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद कई घंटों से चल रहा चक्काजाम समाप्त हो गया और यातायात बहाल कर दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ये भी पढ़े – भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में विधायक शैलेंद्र जैन ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन का इतिहास
- sagar-chanaoa-explosive-truck-accident-arun-choubey-death-chakkajam-flat-news










