
मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर नगरपालिका क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, 06 मई 2026 को एक लिखित शिकायत जिला प्रशासन सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों को भेजी गई थी। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि पटवारी हल्का मानपुर के राजस्व ग्राम जीतनगर में कुछ लोगों द्वारा नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है।
शिकायत में अमिताभ गर्ग, आदित्य देव पांडे और अतुल शुक्ला के नाम शामिल हैं, जिन पर आरोप है कि वे खसरा नंबर 304/1/1, 304/1/2, 304/1/4, 303/1/5 और 303/1/4 की भूमि को छोटे-छोटे प्लॉट में विभाजित कर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। आरोप यह भी है कि नियमानुसार किसी भी प्लाटिंग के लिए कॉलोनाइजर लाइसेंस आवश्यक होता है और रेरा नियमों के तहत सड़क, नाली, गार्डन और जल संरक्षण जैसी सुविधाओं का प्रावधान अनिवार्य है, लेकिन इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके बावजूद आम लोगों को गुमराह कर प्लॉट बेचे जा रहे हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि कई बार अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध प्लाटिंग पर रोक लग सकें।
ये भी पढ़े – मैहर में बनेगा भव्य मां शारदा मंदिर लोक, 2 अरब 64 करोड़ की विकास योजना तैयार
- maihar-nagar-palika-illegal-plotting-jeetnagar-complaint-no-action-rajasv-vivad









