
लखनऊ/वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘सोलर दीदी’ योजना के माध्यम से एक बड़ा अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के तहत वाराणसी की महिलाएं अब सोलर लीडर के रूप में उभर रही हैं और हरित ऊर्जा क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
वाराणसी में प्रमुख सोलर कंपनियों द्वारा यूपी नेडा को दिए गए प्रस्ताव के अनुसार चयनित सोलर दीदियों को प्रतिमाह 14,196 रुपये का वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक सोलर दीदी को लगभग 1.30 लाख रुपये मूल्य का 2 किलोवाट सोलर प्लांट निःशुल्क दिया जाएगा, जिससे वे अपने घर को सौर ऊर्जा से रोशन कर सकेंगी और बिजली के खर्च में बड़ी राहत मिलेगी।
इस योजना के तहत महिलाओं को आधुनिक ऊर्जा तकनीक से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सफल प्रतिभागियों को सोलर इंस्टॉलेशन और रखरखाव से जुड़ा रोजगार मिलेगा। इसके अलावा वेंडर्स द्वारा उन्हें एक इंडक्शन स्टोव भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे घरेलू ऊर्जा उपयोग में भी सुधार हो सके।
ये भी पढ़े – योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा असर, 9 वर्षों में मुठभेड़ के दौरान 289 दुर्दांत अपराधी ढेर
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) की ओर से प्रत्येक सफल सोलर इंस्टॉलेशन पर 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। अधिकारियों ने प्रतिभागियों से समय पर प्रशिक्षण पूरा करने और टेस्ट उत्तीर्ण कर योजना का हिस्सा बनने की अपील की है। यूपी नेडा के निदेशक रविन्दर सिंह के अनुसार यह पहल केवल रोजगार का साधन नहीं है, बल्कि महिलाओं को ऊर्जा क्षेत्र में नेतृत्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
प्रदेश स्तर पर भी सौर ऊर्जा का विस्तार तेजी से हो रहा है। अब तक उत्तर प्रदेश में 5,44,810 से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। कुल 9,68,548 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में स्वीकृति और इंस्टॉलेशन पूरा हुआ है। इससे प्रदेश में 1,844.87 मेगावाट की स्थापित क्षमता तैयार हुई है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा 3,539.06 करोड़ रुपये तथा राज्य सरकार द्वारा 1200 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी जा चुकी है। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन 82 लाख यूनिट से अधिक बिजली सोलर ऊर्जा से उत्पन्न हो रही है, जिससे लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।
ये भी पढ़े – लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक खत्म, 12 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर
- varanasi-solar-didi-yojana-women-empowerment-job-rooftop-solar-up-








