
बड़वानी: मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। प्रदेशभर के करीब 32 हजार और बड़वानी जिले के 800 से अधिक संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। आंदोलन के पहले चरण में कर्मचारी 25 से 27 मई तक काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे हैं। वहीं 8 जून को भोपाल स्थित सीएम हाउस के घेराव की चेतावनी भी दी गई है।
इसी क्रम में सोमवार को जिला मुख्यालय पर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रभारी सीएमएचओ राजेश गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अशोक कनाड़े ने बताया कि राज्य स्तरीय आह्वान पर जिले के सभी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की मांगें लंबित पड़ी हुई हैं, लेकिन शासन स्तर पर केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। ऐसे में अब कर्मचारियों ने आंदोलन को व्यापक रूप देने का निर्णय लिया है।
अशोक कनाड़े ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को भोपाल में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें नियमितीकरण को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी कारण कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी आज भी अल्प वेतन में कार्य कर रहे हैं और उन्हें ग्रेच्युटी, एनपीएस, स्वास्थ्य बीमा और नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
ये भी पढ़े – बड़वानी में ‘खाद कांड’ पर सियासत गरमाई, तीन दिन बाद भी FIR नहीं, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सभी संविदा कर्मचारियों का स्थायीकरण, सामान्य प्रशासन विभाग की नीति 2023 के अनुसार नई पेंशन योजना लागू करना, एनपीएस और हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ देना, हर वर्ष 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता, वेतन विसंगतियों का निराकरण और नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों सहित अन्य पदों के वेतन में संशोधन और पूर्व की तरह इंक्रीमेंट बहाल करने की मांग भी की गई है।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 2 जून से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि हड़ताल के कारण सरकारी अस्पतालों, ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों, टीकाकरण कार्यक्रम और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है।
वहीं प्रभारी सीएमएचओ राजेश गुप्ता ने बताया कि संविदा कर्मचारियों द्वारा वेतन वृद्धि, नियमितीकरण और स्वास्थ्य बीमा सहित अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन शासन स्तर तक भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने माना कि कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन विभाग की कोशिश रहेगी कि नियमित कर्मचारियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखा जाए।
- barwani-contract-health-workers-indefinite-strike-cm-house-gherao








