
डबरा: ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने बुधवार को डबरा देहात थाने का औचक निरीक्षण कर थाना व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड संधारण और पुलिसिंग कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, महिला डेस्क, सीसीटीएनएस प्रणाली, समन-वारंट रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया।
आईजी सक्सेना ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाने में पदस्थ आईपीएस प्रशिक्षु मनोज कुमार के तीन माह के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण में पाया गया कि रिकॉर्ड संधारण, जप्ती रजिस्टर, अचल संपत्ति रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और सीनियर सिटीजन रजिस्टर सहित विभिन्न दस्तावेजों का रखरखाव व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने महिला डेस्क की कार्यप्रणाली की भी सराहना करते हुए कहा कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के प्रयास दिखाई दे रहे हैं। थाना परिसर की साफ-सफाई और पुराने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संरक्षण को भी उन्होंने सराहनीय बताया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि थाना स्टाफ ने क्षेत्र की अपराध स्थिति और पुलिसिंग से जुड़े विषयों पर संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत की। आईजी सक्सेना ने आईपीएस प्रशिक्षु मनोज कुमार की कार्यशैली की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने सीसीटीएनएस के प्रभावी उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और पुलिस कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने में उल्लेखनीय कार्य किया है। सभी रजिस्टर अद्यतन पाए गए और थाने में बेहतर समन्वय तथा प्रोफेशनल पुलिसिंग का वातावरण देखने को मिला।
ये भी पढ़े – ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस का डिजिटल मिशन शुरू, IT सेल और यूथ कांग्रेस के जरिए बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़ने की तैयारी
- gwalior-ig-arvind-kumar-saxena-inspects-dabra-dehat-police-station








