
कासगंज: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए कासगंज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्टेशन प्रशासन ने संयुक्त रूप से विशेष सुरक्षा बैठक और जनजागरूकता अभियान चलाया। अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित यात्रा, रेल नियमों के पालन और स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कासगंज के निरीक्षक नरेश कुमार मीना, जीआरपी कासगंज के उप निरीक्षक दीपक त्रिवेदी तथा स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने स्टेशन परिसर में संयुक्त बैठक आयोजित कर पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में यात्रियों की सुविधा, स्टेशन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों और आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को देने की अपील की गई। अधिकारियों ने यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने से बचने, ट्रेन के पायदान पर यात्रा न करने तथा रेलवे ट्रैक पार न करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ऐसी लापरवाही अक्सर गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। यात्रियों को यह भी समझाया गया कि रेल परिसर में धूम्रपान, मद्यपान और गंदगी फैलाना दंडनीय अपराध है तथा इससे अन्य यात्रियों को भी परेशानी होती है।
जहरखुरानी की घटनाओं को रोकने के लिए यात्रियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। रेलवे अधिकारियों ने बिना कारण चेन पुलिंग न करने, रेलवे संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने और ज्वलनशील पदार्थों को ट्रेन में लेकर यात्रा न करने के निर्देश भी दिए। साथ ही महिला और दिव्यांग कोच में अनधिकृत यात्रा से बचने तथा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों को रेलवे अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, सुरक्षा नियमों के महत्व और नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि रेलवे की सुरक्षा केवल सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक यात्री का भी दायित्व है कि वह नियमों का पालन करे और सुरक्षित यात्रा में सहयोग दे। रेलवे प्रशासन के अनुसार पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन की संभावना को देखते हुए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन प्रशासन लगातार समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।
ये भी पढ़े – कासगंज पुलिस लाइन में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की हुई शुरुआत
- rpf-grp-security-meeting-awareness-campaign-before-up-police-recruitment-exam-kasganj-railway-station










