
सीहोर/इछावर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इछावर में आयोजित जनकल्याण शिविर के दौरान अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ काम करें और सरकार की मंशा पर कोई भी पलीता न लगाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इछावर के आजाद चौक में आयोजित भव्य जनकल्याण शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में लगभग 21 हजार लोगों का सर्वे पूरा किया जा चुका है और अब उनका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र परिवारों को पक्के मकान निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी।
अधिकारियों को लगाई फटकार
शिवराज सिंह चौहान ने मंच से अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि पात्र लोगों के नाम विभिन्न कारणों से योजनाओं की सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा और प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी गरीब का हक न मारा जाए।
36 गांवों को मिली सड़क की सौगात
कार्यक्रम में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से इछावर क्षेत्र के 36 गांवों के लिए 36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन की सुविधा बेहतर हो सकेगी।
कांग्रेस ने रोका काफिला
केंद्रीय मंत्री के इछावर आगमन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनका काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में खाद की उपलब्धता और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।
जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, हितग्राही और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लोगों को लाभ भी वितरित किया गया।








