
इंदौर। आदि मिश्रा |देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) में वर्ष 2024-25 के दौरान हुई करोड़ों रुपये की कंप्यूटर और आईटी उपकरणों की खरीदी को लेकर सवाल उठे हैं। वरिष्ठ शिकायतकर्ता अजय शुक्ला ने उच्च शिक्षा आयुक्त को शिकायत भेजकर कुलसचिव प्रज्ज्वल खरे सहित संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
1178 और 818 कंप्यूटरों के रिकॉर्ड में अंतर का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंप्यूटर खरीदी से जुड़े दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और आरटीआई से प्राप्त जानकारी में विसंगतियां हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार रिकॉर्ड में 1178 कंप्यूटर खरीदे जाने का उल्लेख है, जबकि स्टॉक रजिस्टर में केवल 818 कंप्यूटर दर्ज हैं। साथ ही 283 कंप्यूटरों की दोबारा खरीदी का भी आरोप लगाया गया है।
EOW तक पहुंचा मामला
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई नोटशीट बिना सक्षम अधिकारियों की स्वीकृति के तैयार की गईं, आवश्यक हस्ताक्षरों का अभाव है और विभागों की वास्तविक मांग का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। शिकायतकर्ता का दावा है कि मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) इंदौर तक पहुंच चुका है।
भौतिक सत्यापन और कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने स्वतंत्र एजेंसी से जांच, खरीदे गए सभी कंप्यूटर एवं आईटी उपकरणों का भौतिक सत्यापन कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में DAVV प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आरोपों की पुष्टि या खंडन जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
यह भी पढ़े: भोपाल: प्रीतम लोधी के बेटे को फरार घोषित किए जाने पर कांग्रेस का हमला, सज्जन सिंह वर्मा ने उठाए सवाल
- davv-computer-purchase-irregularities-complaint-demands-independent-investigation-indore













