
सीहोर: जिले में पिछले चार दिनों से बारिश थमने के बाद अब किसानों की नजरें एक बार फिर मानसून पर टिक गई हैं। ग्रामीण कृषि-मौसम सेवा केंद्र, आरएके कृषि महाविद्यालय सीहोर और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 96 घंटों के बाद जिले में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। 19 जुलाई को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को इस दौरान बोनी और रोपाई से जुड़ी सभी तैयारियां पहले से पूरी करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले तीन दिनों तक जिले में बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा और पश्चिमी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि उमस का असर भी बना रह सकता है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 18 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होगा। हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी होने के साथ मानसून फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे और 19 जुलाई को जिले के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक सीहोर जिले में कुल 306.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि में जिले में 16 वर्षा दिवस रहे हैं, जबकि पिछले 96 घंटों में एक भी दिन बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे बोनी और रोपाई के लिए खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री पहले से तैयार रखें। खेतों में नमी बनाए रखने के लिए कुल्पा चलाकर खरपतवार नियंत्रण करें तथा बारिश शुरू होते ही कृषि कार्यों में तेजी लाएं, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई समय पर पूरी की जा सके। इससे फसलों की बेहतर बढ़वार और उत्पादन में भी मदद मिलेगी।
ये भी पढ़े – सीहोर: बीच सड़क पर बंद हुई 108 एंबुलेंस, धक्का लगाते रहे लोग; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
- sehore-monsoon-update-rain-likely-after-96-hours-farmers-advised-to-complete-sowing-preparations








