
छतरपुर।अमित अवस्थी| मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों के साथ अभियान की समीक्षा की। छतरपुर से कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलेगा अभियान
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का आयोजन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आम जनता से सीधे जोड़ना, शिकायतों का त्वरित निराकरण करना तथा सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का आकलन करना है।
हर शुक्रवार होगा फील्ड भ्रमण, नहीं होंगी बैठकें
अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारी फील्ड भ्रमण करेंगे। इस दिन सामान्य परिस्थितियों में किसी भी स्तर पर बैठक आयोजित नहीं होगी। अधिकारी गांवों और क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से संवाद करेंगे तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समस्याएं सुनेंगे। जिला कलेक्टर एक सप्ताह पहले भ्रमण क्षेत्र का चयन करेंगे।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के प्रकरणों पर रहेगा फोकस
फील्ड भ्रमण से पहले संबंधित क्षेत्र के सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके शत-प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों का मौके पर समाधान करने पर भी विशेष जोर रहेगा।
योजनाओं और उद्योगों की भी होगी समीक्षा
अभियान के दौरान जन संवाद और उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बड़े, एमएसएमई और कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, खाद-बीज उपलब्धता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली जैसी योजनाओं की जमीनी स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
यह भी पढ़े: भोपाल में किसानों का आंदोलन तेज, कांग्रेस ने समर्थन देते हुए सरकार से वार्ता की मांग की
- mp-mukhyamantri-jan-vishwas-abhiyan-2026-review-video-conference









