
हाड़ौती प्रांत की धार्मिक नगरी देवली में बुधवार को परम पूज्य आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 वैराग्य सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 सुप्रभ सागर जी महाराज के सान्निध्य में भव्य चातुर्मास स्थापना एवं कलश स्थापना समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ध्वजारोहण और शोभायात्रा से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु धर्मध्वज और जयघोष के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर महिला मंडल ने संगीतमय मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
गुरु पूजन और कलश स्थापना हुई संपन्न
समारोह में चित्र अनावरण का सौभाग्य नीमच एवं कांकरिया तलाई समाज को मिला, जबकि दीप प्रज्वलन सिंगोली-झांतला समाज ने किया। समाजजनों ने दोनों मुनिश्रियों का पाद प्रक्षालन और शास्त्रदान श्रद्धापूर्वक किया। गुरु पूजन का सौभाग्य देवली समाज को प्राप्त हुआ।
सामूहिक कलश बोलियों में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
कार्यक्रम के दौरान भगवान महावीर, आचार्य श्री वर्धमान सागर जी, आचार्य श्री विद्यासागर जी तथा आचार्य श्री सुमति सागर जी के नाम से सामूहिक कलश बोलियां आयोजित की गईं। बाहर से आए समाजजनों का तिलक, राजस्थानी पगड़ी और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
कई क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु
आयोजन में सिंगोली, झांतला, बिजोलिया, आवा, बूंदी, दूनी, नीमच, शिवपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाजजन शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान धर्म, गुरु भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
- deoli-chaturmas-begins-with-kalash-sthapana-thousands-of-devotees-attend








