
भिण्ड/ रामपाल कुशवाह: खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने भिण्ड शहर में ब्रांडेड घी बेचने वाले प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान दो प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लिए गए और कुल 53 लीटर घी जब्त किया गया। जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 28,500 रुपये बताई गई है।
दो प्रतिष्ठानों से लिए घी के नमूने
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश भोपाल के आदेश और कलेक्टर भिण्ड के निर्देश पर अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लश्कर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास अनुराग ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां से धोलपुर फ्रेश घी के तीन नमूने लिए गए और कुल 48 लीटर घी जब्त किया गया।
इसके अलावा पेंच नंबर 01 स्थित गोयल एजेंसी की जांच के दौरान सहकार घी का नमूना लिया गया। यहां से 5 लीटर घी जब्त किया गया।
जांच के लिए भेजे गए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, पिछले सप्ताह चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के अन्य जिलों में ब्रांडेड घी के कुछ नमूने असुरक्षित पाए गए थे। इसी के मद्देनजर भिण्ड में भी ब्रांडेड घी के प्रतिष्ठानों की जांच कर संबंधित उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने की कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कु. रेखा सोनी, श्रीमती रीना बंसल और श्रीमती किरन सेंगर मौजूद रहीं। विभाग द्वारा लिए गए घी के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- bhind-food-safety-department-inspection-branded-ghee-53-litres-seized








