
बुरहानपुर/ राजू सिंह राठौड़: जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल एमागिर्द में बदहाल सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। लंबे समय से सड़क और अन्य विकास कार्यों को लेकर परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में पंचायत भवन पहुंचे और पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
खुदी सड़कें बनी परेशानी का कारण
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की कई सड़कों को निर्माण कार्य के नाम पर खोदकर छोड़ दिया गया है। जगह जगह बने गड्ढों और अधूरे पड़े काम के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को हो रही है। बदहाल सड़कों के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पंचायत भवन पहुंचे ग्रामीण, जिम्मेदार नहीं मिले
समस्याओं को लेकर ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन उनके अनुसार मौके पर सरपंच और पंचायत सचिव मौजूद नहीं थे। जिम्मेदारों की गैरमौजूदगी से नाराज ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब लोग अपनी समस्याएं लेकर पंचायत कार्यालय पहुंच रहे हैं, तब जिम्मेदार प्रतिनिधियों और अधिकारियों का मौजूद नहीं रहना चिंता का विषय है।
सड़क के साथ पानी और स्वच्छता का मुद्दा
ग्रामीणों ने सड़क के अलावा पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया। उनका आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से खुदी हुई सड़कों की जल्द मरम्मत कराने और गांव में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल और आंदोलन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या दूर नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
यह भी पढ़े: जन विश्वास अभियान में शिकायत लेकर पहुंचे छात्रों को भगाने का आरोप, सचिव के व्यवहार से ग्रामीण नाराज
- burhanpur-emagird-villagers-protest-against-bad-roads-panchayat








