
यरूशलम/नई दिल्ली: भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर इजरायल के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक ‘कॉर्ड्स ब्रिज’ Chords Bridge को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के केसरिया, सफेद और हरे रंगों से आकर्षक रूप से रोशन किया गया। यरूशलम के प्रवेश द्वार पर स्थित इस पुल की शानदार रोशनी भारत और इजरायल के बीच प्रगाढ़ होती रणनीतिक साझेदारी और अटूट दोस्ती के एक मजबूत प्रतीक के रूप में दिखाई दी।
भारतीय दूतावास ने शेयर की तस्वीरें, दोस्ती को बताया साझा भविष्य का आधार
इजरायल में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मनोरम दृश्य की तस्वीरें साझा कीं। दूतावास ने लिखा, “भारत-इजरायल की दोस्ती जगमगा रही है। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यरूशलेम का प्रसिद्ध ‘कॉर्ड्स ब्रिज’ भारतीय तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा। यह दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और संभावनाओं से भरे एक मजबूत व बेहतर भविष्य का प्रतीक है।”
वंदे मातरम के 150 वर्ष: इजरायल में पहली बार गूंजा राष्ट्रगीत
यरूशलम में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय यहूदी समुदाय, प्रवासी भारतीयों और भारत के मित्र देशवासियों ने बड़े उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इस वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर समारोह में पहली बार आधिकारिक रूप से वंदे मातरम का गायन भी किया गया।
राजदूत जेपी सिंह ने किया ध्वजारोहण
समारोह की शुरुआत भारत के राजदूत जेपी सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात राजदूत ने देश की राष्ट्रपति का ‘राष्ट्र के नाम संदेश’ उपस्थित जनसमूह के सामने पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम के दौरान ‘भारत को जानिए क्विज’ और ‘इंडिया थ्रू माई लेंस’ फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वहीं, भारतीय सांस्कृतिक केंद्र के प्रतिभाशाली छात्रों ने भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करते हुए शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर भारतीय दूतावास ने इजरायल सहित दुनिया भर में रह रहे सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़े – भारत-ईरान दोस्ती को और मजबूत करने की उम्मीद, राष्ट्रपति पेजेशकियन ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
- jerusalem-chords-bridge-lit-up-tricolor-india-israel-friendship








