
मैहर: मां शारदा की नगरी मैहर में मां शारदा लोक के भूमिपूजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों होने वाले भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर मैहरवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मां शारदा का दरबार भव्य और दिव्य स्वरूप में विकसित हो, यह पूरे मैहर की इच्छा है। स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा है कि मां शारदा लोक की घोषणा किसने की और आज इसका भूमिपूजन कौन करने आ रहा है।
लोगों का कहना है कि उनकी इच्छा थी कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मां शारदा लोक की घोषणा करें और अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसके भूमिपूजन का शुभारंभ कर रहे हैं। इसे लोग मां शारदा की इच्छा और आशीर्वाद से जोड़कर देख रहे हैं। मैहरवासियों का मानना है कि मां शारदा लोक के निर्माण से मैहर की धार्मिक पहचान और मजबूत होगी। इसके साथ ही मैहर को देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और मैहर की आय में भी वृद्धि होगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलने की संभावना है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कल का दिन मैहर के इतिहास का स्वर्णिम काल होगा। यह दिन जिले के इतिहास में दर्ज होगा कि मां सरस्वती की नगरी मैहर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां शारदा लोक के निर्माण का भूमिपूजन किया। लोगों का कहना है कि यह ऐसा ऐतिहासिक अवसर है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद करेंगी। मैहरवासियों से इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि मैहर की आस्था, पहचान और भविष्य से जुड़ा अवसर है। ऐसे में प्रत्येक मैहरवासी को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनना चाहिए।
लोगों के बीच उत्साह इस कदर है कि उनका कहना है कि आने वाले समय में जब उनके नाती-पोते उनसे पूछेंगे कि मां शारदा धाम को शारदा लोक के रूप में विकसित करने का भूमिपूजन कब हुआ था, तो वे गर्व से बता सकें कि वे उस ऐतिहासिक अवसर पर स्वयं मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन और भूमिपूजन को लेकर पूरे मैहर में उत्साह और स्वागत की तैयारियां देखने को मिल रही हैं।ये भी पढ़े – कलेक्टर मृणाल मीना ने निकायों की समीक्षा की, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
ये भी पढ़े – मैहर: तस्वीरें बोलती हैं; मैहर में नई राजनीति के आगाज की चर्चा
- maihar-ready-for-maa-sharda-lok-bhumi-pujan-cm-mohan-yadav-visit









