
टीकमगढ़/धमेंद्र सिंह लोधी की रिपोर्ट: जनपद पंचायत बल्देवगढ़ के अंतर्गत ग्राम चंदेरी में बारिश के बाद बीच मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। मार्ग पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक समस्या बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है। इसके बावजूद अब तक जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। बारिश होने के बाद सड़क पर काफी देर तक पानी जमा रहने से लोगों को आने-जाने के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने संबंधित पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों से समस्या का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाली बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मार्ग पर जमा पानी की निकासी कराने के साथ-साथ जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।
ये भी पढ़े – फरार और स्थायी वारंटियों पर टीकमगढ़ पुलिस का शिकंजा, देहात पुलिस ने स्थायी वारंटी को किया गिरफ्तार
- tikamgarh-baldevgarh-chanderi-village-waterlogging-after-rain-roads-inundated









