
रीवा/ अरविंद तिवारी: रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के आवास पर युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आवास में कथित तौर पर जबरन प्रवेश के प्रयास के विरोध में भाजपा और व्यापारी संघ ने मोर्चा खोल दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने विवेकानंद पार्क से आईजी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और पुलिस से मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विवेकानंद पार्क से IG कार्यालय तक पैदल मार्च
भाजपा और व्यापारी संघ का पैदल मार्च विवेकानंद पार्क से शुरू हुआ। इसमें रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, व्यापारी संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए आईजी कार्यालय पहुंचे। यहां प्रतिनिधिमंडल ने आईजी को ज्ञापन सौंपकर डिप्टी सीएम के निजी आवास में कथित तौर पर अवैधानिक प्रवेश के प्रयास के मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
‘लोकतांत्रिक विरोध का अधिकार, लेकिन निजी आवास में प्रवेश स्वीकार नहीं’
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के निजी आवास में जबरन प्रवेश करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा और व्यापारी संघ ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर युवा कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
दरअसल, बीते दिन युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के आवास का घेराव किया था। इसी प्रदर्शन के दौरान आवास में कथित तौर पर जबरन प्रवेश के प्रयास को लेकर अब भाजपा और व्यापारी संघ ने विरोध दर्ज कराया है।
एक दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का डिप्टी सीएम आवास घेराव और अगले दिन भाजपा-व्यापारी संघ का पैदल मार्च- रीवा में यह मुद्दा अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
पुलिस कार्रवाई पर टिकी नजर
ज्ञापन के जरिए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
- bjp-march-against-deputy-cm-house-protest-in-rewa








