
सार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुबई में आयोजित AIM Congress 2026 के दौरान मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेशकों के लिए दीर्घकालिक और भरोसेमंद निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया। उन्होंने राज्य की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, मजबूत कनेक्टिविटी, औद्योगिक ढांचे और निवेश अनुकूल नीतियों को प्रमुख ताकत बताया। मुख्यमंत्री ने UAE सहित दुनिया भर के निवेशकों को भोपाल में होने वाले Global Investors Summit 2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया।
विस्तार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों दुबई दौरे पर हैं, जहां वह राज्य में विदेशी निवेश और औद्योगिक साझेदारी बढ़ाने के लिए वैश्विक निवेशकों और कारोबारी समूहों से मुलाकात कर रहे हैं। AIM Congress 2026 में आयोजित ‘Invest in Madhya Pradesh, India’ सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को केवल अवसरों वाला राज्य नहीं, बल्कि दीर्घकालिक, स्थिर और भरोसेमंद निवेश साझेदारी के लिए उपयुक्त केंद्र बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के मध्य में स्थित होने के कारण मध्य प्रदेश की रणनीतिक स्थिति उसे विनिर्माण और वितरण का महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है। उनके अनुसार राज्य से देश के विभिन्न हिस्सों तक सामान करीब 24 से 36 घंटे में पहुंचाया जा सकता है। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, सड़क एवं रेल नेटवर्क तथा आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को उन्होंने राज्य की प्रमुख ताकतों में शामिल किया।
उन्होंने निवेशकों के सामने मध्य प्रदेश में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, दूरसंचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स, क्लीन एनर्जी और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य तेजी से मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित कर रहा है और सरकार निवेशकों को प्रशासनिक स्तर पर पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
दुबई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने UAE के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य पालन एवं एक्वाकल्चर, कोल्ड चेन, ग्रीन एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रिक वाहन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। मध्य प्रदेश और UAE ने कुछ चयनित निवेश परियोजनाओं के लिए संयुक्त कार्य तंत्र विकसित करने और भविष्य में MP-UAE Investment Roundtable आयोजित करने पर भी सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने Lulu Group International के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर यूसुफ अली एमए से भी मुलाकात की। चर्चा में मध्य प्रदेश से कृषि उत्पादों की सीधे खरीद बढ़ाने के साथ प्याज, गेहूं और सब्जियों की आपूर्ति, खाद्य प्रसंस्करण, वेयरहाउसिंग, कृषि निर्यात और सप्लाई चेन के विस्तार की संभावनाओं पर बात हुई।
मोहन यादव ने UAE और अन्य देशों के निवेशकों को भोपाल में प्रस्तावित Global Investors Summit 2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उनका कहना है कि मध्य प्रदेश वैश्विक कंपनियों के लिए भारत के बड़े घरेलू बाजार तक पहुंच, मजबूत लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक अवसर उपलब्ध करा सकता है।
दुबई में मध्य प्रदेश ने AIM Congress के दौरान अपना पवेलियन भी स्थापित किया, जहां औद्योगिक एवं निवेश संभावनाओं के साथ राज्य के ODOP और GI उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इनमें बैतूल का बेल मेटल शिल्प, चंदेरी साड़ियां, महेश्वरी साड़ियां, उज्जैन की बाटिक कला, भोपाल की जरी-जरदोजी और ग्वालियर के कालीन शामिल रहे। इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार और खरीदारों से जोड़ना भी है।
ये भी पढ़े – दुबई में CM मोहन यादव ने निवेशकों को दिया MP आने का न्योता, बोले- सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी
- cm-mohan-yadav-dubai-aim-congress-2026-madhya-pradesh-investment-destination








