
उज्जैन, 4 अक्टूबर 2026: उज्जैन-देवास रोड स्थित पालखंदा के सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट एवं ढाबे में दाल के अंदर मक्खी मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। ग्राहक की शिकायत पर जांच करने पहुंची टीम को ढाबे में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। जांच के दौरान ढाबा बिना जरूरी खाद्य लाइसेंस और अन्य अनुमतियों के संचालित पाया गया। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने ढाबा बंद करा दिया।
दाल में मक्खी मिलने के बाद CM हेल्पलाइन पर शिकायत
जानकारी के अनुसार, शनिवार को देवास निवासी विजय सिंह तोमर पालखंदा स्थित सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने खाने के लिए दाल ऑर्डर की। दाल में मक्खी मिलने के साथ परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की।
शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंतदत्त शर्मा और बीएस देवलिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अधिकारियों को परिसर में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। आसपास मक्खियां भी दिखाई दीं।
यह भी पढ़े: भोजशाला मामले में 29 अक्टूबर को सुनवाई, दोनों पक्ष तैयार; ASI रिपोर्ट पर होगी आगे की बहस
खुले बर्तन में रखा था बटर, पनीर के लिए सैंपल
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने ढाबे से पनीर और बटर के नमूने लिए। अधिकारियों के मुताबिक, बटर खुले बर्तन में रखा हुआ था। दोनों नमूनों को जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच में ढाबे के संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी देखे गए। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान के पास खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का आवश्यक लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा एनएचएआई और स्थानीय पंचायत की अनुमति भी नहीं मिली।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने संचालक को जरूरी पंजीयन और लाइसेंस लेने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवश्यक लाइसेंस और पंजीयन होने तक ढाबा संचालित नहीं किया जा सकेगा।
खाद्य कारोबार संचालकों के लिए खाद्य लाइसेंस या पंजीयन की वैधता की जांच करना भी जरूरी है। FSSAI के आधिकारिक पोर्टल पर लाइसेंस की स्थिति सत्यापित की जा सकती है।
- ujjain-dhaba-food-department-action








