
चित्तौड़गढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का घोर अपमान करने का आरोप लगाते हुए रविवार को मांग की कि विपक्षी दल इसके लिए देश की जनता और इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से तुरंत माफी मांगे। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने अपने वोट बैंक के लालच में इतने वर्षों तक वंदे मातरम को भुला दिया।
चित्तौड़गढ़ में ‘अटल गौरव स्मृति समारोह’ में बोला हमला
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में ‘अटल गौरव स्मृति समारोह’ के तहत एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली के लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के समारोह में एक ऐतिहासिक बदलाव यह देखने को मिला कि आजादी के 80 साल बाद लाल किले की प्राचीर सहित पूरे देश में ध्वजारोहण के अवसर पर पहली बार आधिकारिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया गया।
उन्होंने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की इस अमर कृति का स्मरण कराते हुए कहा कि भारत माता की वंदना के इन दो शब्दों ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए देश के हजारों-लाखों स्वाधीनता सेनानियों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था, गोलियां और लाठियां खाई थीं और वर्षों जेल में बिताए थे। गृह मंत्री ने कहा कि वंदे मातरम के प्राकट्य का यह 150वां वर्ष है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे पुनः नया जीवन और सम्मान देने का काम किया है।
कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत अधूरा रोकने का लगाया आरोप
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा, “कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में वंदे मातरम का गान हो रहा था। चालू गान के दौरान ही कांग्रेस नेत्री सोनिया जी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने के लिए कहा, जिसे पूरी दुनिया ने टीवी पर देखा। आजादी के 80 साल बाद जब बंकिम बाबू का यह अमर गान अपना खोया सम्मान पुनः प्राप्त कर रहा है, तो वह भी सोनिया जी को रास नहीं आ रहा है।”
अमित शाह ने आगे कहा, “सोनिया जी, देश की 140 करोड़ जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया यह पाप देश कभी माफ नहीं करेगा। कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि राष्ट्रगीत को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया जाए? कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए और यदि जरा सी भी नैतिकता बची है तो हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की आत्मा व देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”
अटल जी की प्रतिमा का अनावरण और विकास कार्यों की सौगात
इस जनसभा से पूर्व गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं व निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा संदेश में लिखा कि श्रद्धेय अटल जी की पुण्यतिथि पर निम्बाहेड़ा में उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के साथ-साथ राजस्थान के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अनेक सौगातों को जनता को समर्पित करना अत्यंत सौभाग्य की बात है।
ये भी पढ़े – लाल किले के प्राचीर से पीएम नरेंद्र मोदी का बड़ा ऐलान, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बताया राष्ट्रीय प्राथमिकता
- amit-shah-slams-sonia-gandhi-vande-mataram-controversy






