
बड़वानी: मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कुंदन नगर के पास कॉलोनियों के बीच स्थित एक खेत में रखे गेहूं के ढेर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास के किसान और कॉलोनी के रहवासी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते सूखे गेहूं में लगी आग से धुआं तेजी से फैलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका का फायर वाहन मौके पर पहुंचा और पानी का छिड़काव कर आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं खेत में लगे ट्यूबवेल के पानी से भी आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
ये भी पढ़े – बड़वानी: बोकराटा–ढोरमाल सड़क के नए सर्वे की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
किसान मोहन अगल्चा ने बताया कि उनके खेत में विद्युत तार से निकली चिंगारी के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले गेहूं काटकर खेत में ही एकत्रित कर रखा था। हाल ही में आई हवा-आंधी और बारिश के कारण गेहूं भीग गया था, जिसे गणगौर माता पर्व के चलते सूखने के लिए छोड़ दिया गया था।
मंगलवार को गेहूं उठाने से पहले ही शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिससे करीब तीन एकड़ खेत में रखा 70 से 80 क्विंटल गेहूं जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पटवारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा बनाकर नुकसान का आकलन शुरू किया।
ये भी पढ़े – बड़वानी: सैनिक स्कूल प्रवेश प्रक्रिया में सुधार की मांग, मेधावी छात्रों के पालकों ने दिया ज्ञापन
- /badwani-kundan-nagar-wheat-fire









