
बड़वानी: थाना बड़वानी क्षेत्र के ग्राम बगुद में ट्रैक्टर और अर्टिगा वाहन के बीच टक्कर का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब एक अर्टिगा कार में सवार लोग नर्मदा नदी स्नान के लिए जा रहे थे, तभी आगे चल रहे ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर तेज गति और लापरवाही से चलाया जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक मारा, पीछे आ रही अर्टिगा कार उसके पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कांच टूट गए। इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति के दाहिने हाथ के पंजे में चोट भी आई है।
फरियादी राजा जसमद चौहान ने बताया कि वे अपने परिजनों पंकज, रूद्र और कुणाल के साथ कार से बगुद से नर्मदा नदी की ओर जा रहे थे, तभी ग्राम के पास लखन यादव के खेत के नजदीक यह घटना हुई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पीड़ित पक्ष ने ट्रैक्टर नंबर के आधार पर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- badwani-tractor-ertiga-accident-fir-registered-brake-collision-case









