
बैतूल: मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत खेड़ी रामोसी गांव में जमीन विवाद ने उग्र रूप ले लिया। विवादित जमीन को लेकर आदिवासी समुदाय और भाजपा नेता भास्कर मगरदे के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि स्थिति हिंसक हो गई।
आदिवासियों ने ग्रामीणों ने किया पथराव:
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में पहुंची पुलिस टीम और भाजपा नेता भास्कर मगरदे पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। आरोप है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को दौड़ाकर पीटा, जिसके बाद हालात बिगड़ते देख पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा।
आदिवासी समुदाय का कहना है कि वे वर्षों से इस जमीन पर काबिज हैं और खेती कर रहे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा नेता द्वारा उनकी जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है। वहीं भास्कर मगरदे ने दावा किया है कि उन्होंने उक्त जमीन को नियमों के तहत खरीदा है।
ग्रामीणों ने किसी भी प्रकार के सौदे से इनकार करते हुए विरोध जताया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि घटना की विस्तृत जांच कल की जाएगी। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
- betul-khedi-ramosi-tribal-attack-bjp-leader-bhaskar-magarde-land-dispute









