
बुरहानपुर: थाना निंबोला क्षेत्र में हुई तीन लाख रुपये की हाईवे लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ट्रक के पुराने मालिक ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी।
जानकारी के मुताबिक 7 मई को कटी घाटी के पास ट्रक चालक अजय वास्कले से कार सवार बदमाशों ने तीन लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कई जिलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध होंडा अमेज कार की पहचान की।
जांच के दौरान पता चला कि ट्रक का पुराना मालिक अपने साथियों के साथ लगातार ट्रक की लोकेशन पर नजर रख रहा था और पहले से ही लूट की योजना बना चुका था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अली, युग श्रीवास्तव और जुबेर मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- burhanpur-highway-loot-case-old-truck-owner-arrested









