
बुरहानपुर/ राजू सिंह राठौड़: बुरहानपुर के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में केबल वायर चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की केबल वायर और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।
बुरहानपुर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शिकारपुरा थाना पुलिस ने केबल वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की केबल वायर के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए हैं।
संदिग्धों से पूछताछ के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकारपुरा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार सेंडे और नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने क्षेत्र में पतारसी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को अपराध क्रमांक 329/2026, धारा 303(2) बीएनएस से जुड़े मामले में सफलता मिली और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पिता कडू कोली (25), निवासी महल गुराड़ा, थाना शिकारपुरा; सुखदेव पिता रमेश मोने (23), निवासी मदन महल, जबलपुर, हाल निवासी सुभाष चौक, थाना कोतवाली; और शाहरुख पिता शेख फिरोज (25), निवासी आजाद नगर, बुरहानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की केबल वायर और घटना में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में अन्य वारदातों की जानकारी मिलने का दावा
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य थाना क्षेत्रों में भी केबल वायर चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। इस जानकारी के आधार पर संबंधित थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक जगदीश राठौर, प्रधान आरक्षक गणेश पाटिल, आरक्षक विनोद परिहार और आरक्षक दुर्गेश सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
- Burhanpur-Shikarpura-police-arrests-three-accused-in-cable-wire-theft-case








