
छतरपुर/अमित अवस्थी की रिपोर्ट: जिले के लवकुशनगर अनुविभाग अंतर्गत जुझार नगर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव उतराता मिला। यह वही क्षेत्र है, जहां बीते दिनों दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद उनके शव बरामद हुए थे। ऐसे में कुएं से मिले शव को बच्चों की हत्या के मुख्य संदेही बालकेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने कुएं में शव उतराता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जुझार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव काफी पुराना और क्षत-विक्षत अवस्था में होने के कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने संदेह के आधार पर बालकेश की मां और अन्य परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव को बालकेश का मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस के सामने शव की वास्तविक पहचान को लेकर जांच और पेचीदा हो गई है।
अब पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं यह शव बच्चों की हत्या के संदेही बालकेश का तो नहीं है। साथ ही यह संभावना भी जांची जा रही है कि शव किसी अन्य व्यक्ति का हो सकता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव काफी सड़ी-गली अवस्था में है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतक की पहचान के लिए फॉरेंसिक जांच और डीएनए सैंपलिंग की मदद ली जा सकती है। पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
ये भी पढ़े – छतरपुर कलेक्टर खाट पर बैठकर सुनी विस्थापितों की बात, अब नई बसाहटों में सुविधाओं की बारी
- chhatarpur-jhujar-nagar-unidentified-body-found-in-well-balakesh-suspected








