
छतरपुर: पुलिस ने बिजली विभाग के एच-बीम खंभों की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 बिजली के एच-बीम खंभे, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और जॉन डियर ट्रैक्टर सहित करीब 20 लाख रुपये का माल बरामद किया है। बरामद किए गए खंभों का कुल वजन 163 क्विंटल से अधिक बताया गया है। इस कार्रवाई को कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जून माह में महोबा बाईपास स्थित विद्युत सब स्टेशन के सामने सड़क किनारे रखे बिजली विभाग के एच-बीम खंभे चोरी हो गए थे। इस संबंध में गिरिराज एसोसिएट कंपनी के जीएम राजेश शर्मा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई।
ये भी पढ़े – छतरपुर में 77 पटवारियों के तबादले, कलेक्टर ने जारी किए आदेश; 15 दिन में नई पदस्थापना पर जॉइन करना होगा
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनीराम अहिरवार, निवासी ग्राम चंद्रपुरा थाना सिविल लाइन, देवेंद्र राजपूत, निवासी रेलवे स्टेशन के पास थाना सिविल लाइन तथा सुनील अनुरागी, निवासी नया चंद्रपुरा थाना सिविल लाइन के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 40 एच-बीम बिजली के खंभे बरामद किए। प्रत्येक खंभे की लंबाई 11 मीटर और वजन लगभग 408 किलोग्राम है। कुल मिलाकर बरामद खंभों का वजन 163 क्विंटल से अधिक बताया गया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई पिकअप वाहन तथा खंभों को लोड और अनलोड करने में उपयोग किए गए जॉन डियर ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद सामग्री और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी संगठित चोरी गिरोह से है या नहीं तथा उन्होंने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह, प्रधान आरक्षक देवीदास, प्रधान आरक्षक हरचरण, आरक्षक नरेश सिंह, संदीप तथा पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छतरपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में सार्वजनिक संपत्ति की चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़े – छतरपुर में सूने घर से लाखों की चोरी: 2 लाख नकद, जेवर, और बाइक ले गए चोर, गेहूं-दाल भी नहीं छोड़ी
- chhatarpur-police-arrests-three-accused-for-stealing-electric-h-beam-poles-worth-rs20-lakh








