
रतलाम: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की लग्जरी महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 10 लाख रुपये कीमत का डोडाचूरा और लगभग 15 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा थार जब्त की है। इस प्रकार कुल 25 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
ये भी पढ़े – रतलाम जिले में अब तक 228.38 मिमी औसत बारिश दर्ज, पिछले 24 घंटे में 3 मिमी वर्षा
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को महू-नीमच हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा थार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन सड़क से नीचे उतार लिया और तेज रफ्तार से रतलाम की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। लगातार पीछा किए जाने पर चालक ने बरगढ़ फंटे से बरगढ़ मार्ग पर लगभग 100 मीटर आगे वाहन सड़क किनारे छोड़ दिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहा।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को पीछे की सीट हटाई हुई मिली। उसकी जगह 10 काले रंग के प्लास्टिक के बोरे रखे हुए थे। जांच करने पर प्रत्येक बोरे में 20-20 किलोग्राम डोडाचूरा भरा मिला। इस तरह वाहन से कुल 200 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने मौके से डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की महिंद्रा थार जब्त कर ली।
इस मामले में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 387/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान करने के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था, किस स्थान पर इसकी सप्लाई की जानी थी और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए मशरूके में 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, तथा लगभग 15 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की महिंद्रा थार शामिल है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 25 लाख रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उपनिरीक्षक कन्हैया अवास्या, उपनिरीक्षक कुलदीप डाबी, प्रधान आरक्षक संजय सोनावा, आरक्षक कमलेश, गोविंद, रविन्द्र सिंह, योगेन्द्र, प्रीतम, पवन, शादाब और योगेश की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
ये भी पढ़े – रतलाम में प्रशासन की स्कूल संचालकों के साथ अहम बैठक, छात्र सुरक्षा और स्कूल बसों के लिए जारी हुए सख्त दिशा-निर्देश
- chhatarpur-school-bus-checking-special-drive-10-vehicles-challaned-road-safety-campaign










