
छतरपुर: युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29 मई 2026 को “युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला” आयोजित किया जाएगा। यह एक दिवसीय मेला महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर स्थित शताब्दी हॉल, रसायन विज्ञान विभाग के सामने आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय आईटीआई और जिला उद्योग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले में 18 से 48 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां भाग ले सकेंगे। आयोजन में 8वीं पास से लेकर स्नातक और आईटीआई योग्यताधारी अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियां मेले में भाग लेकर सीधे भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगी।
रोजगार मेले में अहमदाबाद, सूरत और राजकोट सहित कई औद्योगिक शहरों की कंपनियां शामिल होंगी। इनमें अतुल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड, रेजॉन सोरल लिमिटेड, सिनोवा गियर एंड लिमिटेड, उनो मिंडा, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल लिमिटेड, विशाल बैरिंग लिमिटेड, केल्विन पाइप प्राइवेट लिमिटेड, कोरोना रेमेडीज लिमिटेड और अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
रोजगार अधिकारी के अनुसार विभिन्न पदों के लिए योग्यतानुसार लगभग 8 हजार रुपये से लेकर 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतनमान निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही युवाओं को अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुन सकें।
ये भी पढ़े – छतरपुर राशन दुकान विवाद: संचालक पर अनाज गबन के आरोप, कलेक्टर से शिकायत
- chhatarpur-yuva-sangam-rojgar-mela








