
खंडवा/नितिन झावर की रिपोर्ट: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार रात्रि को खंडवा जिले स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर की शयन आरती में भी भाग लिया और भगवान ओंकारेश्वर तथा मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे और दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
शयन आरती के दौरान मंदिर के पुजारी पंडित डंकेश्वर दीक्षित ने भगवान ओंकारेश्वर और मां नर्मदा की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। ज्ञानेश कुमार ने अपने परिवार के साथ श्रद्धापूर्वक आरती और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया तथा मंदिर की परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न की। दर्शन के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक संकल्प ओंकारेश्वर में आकर पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का उनका संकल्प भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ पूर्ण हो गया है। उन्होंने इसे अपने जीवन का अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षण बताया।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा पूरे विश्व के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका मानना है कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अध्यात्म का अनुभव करना चाहिए, क्योंकि इससे जीवन में सकारात्मकता, संतुलन और सेवा का भाव विकसित होता है। उन्होंने लोगों से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भारतीयता के मूल्यों को अपनाने तथा उनके संरक्षण के लिए कार्य करने का आह्वान भी किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ओंकारेश्वर दौरे के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उनके दौरे को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ये भी पढ़े – खंडवा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर विवाद, पार्षद का निगम अधिकारियों से बहस
- chief-election-commissioner-gyanesh-kumar-visits-omkareshwar-completes-12-jyotirlinga-pilgrimage










