
सागर: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांदरी का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और पढ़ाई को लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, खुरई एसडीएम सतीश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बच्चों से सुनी वर्णमाला और बाल कविताएं
कलेक्टर श्रीमती पाल ने केजी-1 और केजी-2 की कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से वर्णमाला सुनी और बाल कविताएं भी सुनीं। उन्होंने बच्चों से स्नेहपूर्वक संवाद करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। अन्य कक्षाओं में उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे और उनके जवाब सुने। शिक्षकों से कक्षाओं में चल रही पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। इसी दौरान एक छात्र ने संस्कृत का श्लोक सुनाया। कलेक्टर ने श्लोक का अर्थ बच्चों को विस्तार से समझाते हुए पढ़ाई के साथ ज्ञान को समझने पर जोर दिया।
छोटी कक्षाओं की पढ़ाई बड़ी परीक्षाओं की नींव
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि छोटी कक्षाओं की पढ़ाई ही बड़ी परीक्षाओं की नींव तैयार करती है। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
स्मार्ट बोर्ड से पढ़ाई का लिया फीडबैक
कलेक्टर ने कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से हो रही पढ़ाई की जानकारी ली और विद्यार्थियों से इसका फीडबैक प्राप्त किया। छात्रों की प्रतिक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्मार्ट बोर्ड में निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार सभी विषयों की वीडियो क्लासेज डाउनलोड करवाई जाएं, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई का अधिकतम लाभ मिल सके।
पेयजल और शौचालय व्यवस्था का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की पेयजल व्यवस्था और शौचालयों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।
ये भी पढ़े – डीआईजी शशीन्द्र चौहान का बंडा दौरा, जनसंवाद से लेकर पुलिसकर्मियों के सम्मान और मंदिर चोरी के खुलासे के निर्देश तक
- collector-pratibha-pal-inspects-sandipani-school-bandri-students-smart-board-facilities









