
सार:
गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार पहले महिला का पीछा कर रहे थे और फिर ओवरटेक करते समय बाइक को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिर गई और बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार:
गोल्फ कोर्स रोड पर हुआ हादसा
गुरुग्राम में रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया। महिला की पहचान सिया के रूप में हुई है। वह अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से राइड कर रही थीं। इसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद उनकी बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। सिया को भी चोटें आई हैं। वहीं, टक्कर मारने के बाद कार सवार मौके से निकल गए।
महिला ने लगाया पीछा करने का आरोप
सिया के मुताबिक, राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे। उनका आरोप है कि कार धीरे-धीरे उनके करीब आई और उसमें बैठे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी भी की।
सिया ने कार सवारों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा। उनके अनुसार, कार में बैठे लोगों ने इसके बजाय उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा। सिया ने यह भी आरोप लगाया कि कार सवार नशे में लग रहे थे।
ओवरटेक करते समय बाइक को मारी टक्कर
महिला के मुताबिक, कुछ देर बाद कार ने ओवरटेक किया और उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक से नीचे गिर गईं और उनकी स्पोर्ट्स बाइक सड़क पर घिसटती चली गई।
पूरी घटना उनकी बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में सिया ने हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने और उसके बाद बाइक के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले में गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया है। पुलिस ने महिला से संपर्क करने का प्रयास भी किया, हालांकि खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सामने आए वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
कार की डिटेल भी सामने आई
सिया ने सोशल मीडिया पर कथित कार की जानकारी भी साझा की है। उनके मुताबिक कार का नंबर HR30Y4949 है और आरसी मालिक का नाम मनीष बताया जा रहा है। पुलिस अब उपलब्ध वीडियो और वाहन की जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल इस घटना ने गुरुग्राम की सड़कों पर वाहन चालकों के व्यवहार और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
- Gurugram-Female-Biker-Hit-and-Run-Car-Driver-Flees-Scene








