
सार
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। प्रत्येक पात्र महिला को 1,500 रुपये की मासिक सहायता मिली। सितंबर की किस्त के साथ योजना के तहत अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में 65,395.99 करोड़ रुपये से अधिक का अंतरण हो चुका है।
विस्तार
मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त रविवार, 13 सितंबर को जारी की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सितंबर महीने की किस्त की राशि सीधे अंतरित की। इस किस्त के लिए सरकार ने कुल 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपये जारी किए हैं।
योजना के तहत वर्तमान में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सितंबर की किस्त के साथ ही लाड़ली बहना योजना के तहत शुरुआत से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में महिलाओं के खातों में 65,395.99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती थी। अक्टूबर 2023 में राशि बढ़ाकर 1,250 रुपये की गई और नवंबर 2025 से इसमें 250 रुपये की और बढ़ोतरी के बाद वर्तमान में 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका था। सितंबर की राशि 40वीं किस्त के रूप में जारी की गई है।
लाड़ली बहना योजना के तहत रक्षाबंधन के अवसर पर भी लाभार्थी महिलाओं को विशेष आर्थिक सहायता दी गई है। अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
सरकार के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सितंबर 2026 तक योजना के तहत करीब 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान बताया गया है।
आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास कार्यों की भी सौगात दी। इस दौरान 225 करोड़ रुपये से अधिक के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और करीब 28 करोड़ रुपये के 17 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख महिला-केंद्रित योजनाओं में शामिल है। इसके माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी DBT के जरिए हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। लाभार्थी महिलाएं अपनी किस्त का भुगतान और आवेदन संबंधी स्थिति आधिकारिक पोर्टल पर भी देख सकती हैं।
- ladli-behna-yojana-40th-installment-mohan-yadav-1835-crore-september-2026








